देवासराजनीति

महापौर टिकट की आस में भाजपाइयों ने शहर में मचाया कोलाहल, प्रदेश अध्यक्ष के सामने किया जमकर शक्ति प्रदर्शन

देवास लाइव। पार्टी लाइन से अलग जाकर शक्ति प्रदर्शन आज देवास में देखा गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा आज देवास में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आए थे। उनके स्वागत के लिए भाजपा के एक गुट ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया और पूरे शहर भर में जिन मार्गों से प्रदेश अध्यक्ष को गुजरना था उसे फ्लेक्स से पाट दिया। यही नहीं इन मार्गो में स्वागत के लिए जमकर शोर भी मचाया गया। सरकारी खंभों पर चिलम बांधकर पूरे मार्ग पर स्वागत के संगीत बजाए गए। कई स्थानों पर बड़े-बड़े स्टेज बनाए गए जिन पर डीजे की धुन बज रही थी।

राजनीतिक दलों में शक्ति प्रदर्शन की परिपाटी रही है। लेकिन इस तरह के काम अब तक कांग्रेस के लोग करते आए थे। देवास में संभवत यह पहली बार हुआ है कि कांग्रेस की तर्ज पर प्रदेश अध्यक्ष को अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया गया। आगामी कुछ महीने में नगर निगम के चुनाव होने हैं जिसमें महापौर के टिकट के लिए कई लोग सेहरा बांध के बैठे हैं। पार्टी के अनुशासन से अलग जाकर इन लोगों ने शहर में जमकर कोलाहल मचाया जिसके कारण घंटों तक लोग परेशान हुए।

गुटबाजी से जूझ रही है भाजपा

देवास में भाजपा इन दिनों दो फाड़ में बंट चुकी है। एक गुट में जहां विधायक गायत्री राजे पवार और उनके समर्थक हैं वही दूसरे घुट में प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के समर्थक हैं। विष्णु दत्त शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राजीव खंडेलवाल को जिला अध्यक्ष बनाया गया। इसी गुट के द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का जमकर स्वागत कार्यक्रम किया गया। वही विधायक समर्थक अनुशासन के साथ कार्यक्रम में व्यस्त रहें। इधर दीपक जोशी भी कार्यक्रम के दौरान असहज से नजर आए।

क्या शक्ति प्रदर्शन से मिलेगा टिकट?

भाजपा में अब तक परिपाटी रही है कि अंदरूनी सर्वे और कार्यकर्ताओं की पसंद के अनुसार टिकट वितरण किया जाता रहा है। यही नहीं कई बार भाजपा ने अप्रत्याशित रूप से नए प्रत्याशी भी उतारे हैं। भाजपा में नेता के सामने शक्ति प्रदर्शन कर टिकट हासिल करने की परंपरा देवास में पहली बार देखी गई। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा टिकट वितरण में कौनसी परंपरा का निर्वहन करेगी। बहरहाल भाजपा का आज का कार्यक्रम शोर-शराबे की वजह से चर्चा में रहा।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button