
देवास। आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 एक बार फिर आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी और मददगार साबित हुई है। देवास जिले में एक ही दिन अलग-अलग मामलों में डायल-112 की टीम ने सुनसान जंगल में फंसे परिवार को सुरक्षित मदद पहुंचाई, अचानक बीमार हुए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया और एम्बुलेंस नहीं मिलने से परेशान प्रसव पीड़िता को समय रहते शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मानवीय जिम्मेदारी निभाई।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में डायल-112 को मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। 23 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि कन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम कातलाई के पास सुनसान और जंगली इलाके में एक परिवार का वाहन खराब हो गया है। सूचना मिलते ही एफआरवी क्रमांक-22 को मौके पर भेजा गया। आरक्षक राजू माली और पायलट मनीष सचत्या ने मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की। कन्नौद से मैकेनिक बुलाने के बाद खराब वाहन को सुरक्षित रूप से कन्नौद स्थित गैरेज तक पहुंचाया गया।
इसी तरह खातेगांव थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना डायल-112 को मिली। एफआरवी क्रमांक-27 पर तैनात आरक्षक प्राण सिंह और पायलट मनीष शर्मा ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बीमार व्यक्ति को शासकीय अस्पताल खातेगांव पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया।
वहीं कमलापुर थाना क्षेत्र में डायल-112 एक प्रसव पीड़िता के लिए बड़ी मदद बनकर सामने आई। 23 जुलाई को सुबह 9:55 बजे सूचना मिली कि एक गर्भवती महिला को रात करीब 3 बजे से प्रसव पीड़ा हो रही है। परिवार द्वारा कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी थी। महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने पुलिस से सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही एफआरवी क्रमांक-18 को मौके पर भेजा गया। आरक्षक राहुल मालवीय और पायलट कन्हैयालाल पटेल ने बिना देरी किए महिला को उसके परिजनों के साथ शासकीय अस्पताल बागली पहुंचाया, जहां तत्काल उपचार शुरू किया गया। समय पर सहायता मिलने पर महिला के परिजनों ने डायल-112 टीम और देवास पुलिस का आभार जताया।
इन घटनाओं ने एक बार फिर साबित किया है कि डायल-112 केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ी आपात स्थितियों में ही नहीं, बल्कि सड़क पर फंसे लोगों, अचानक बीमार पड़े व्यक्ति और चिकित्सा संबंधी आपात परिस्थितियों में भी तत्काल सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में बिना संकोच डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध है।


