देवासराजनीति

भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन: जी-20 सम्मेलन में शेरों के झुंड में बब्बर शेर बैठा था— कैलाश विजयवर्गीय



देवास। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित हुए, जिन्होंने मोदी सरकार व भाजपा की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही अन्य अतिथियों ने भी उद्बोधन दिया। मंच पर विजयवर्गीय के साथ सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, जिपं अध्यक्ष श्रीमती लीला भेरूलाल अटारिया, देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, अजा वर्ग से पर्यावरण प्रेमी फकीरराम जी उपस्थित हुए। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र चौधरी व सह जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश व देश की मान. मोदी जी व शिवराजसिंह चौहान ने इस तरह तस्वीर बदली है, जिससे हम भलीभांति परिचित हैं। कांग्रेस शासनकाल में सडक़, बिजली, पानी की क्या स्थिति थी, वह आज भी किसी से छिपी नहीं है। भाजपा ने म.प्र. को विकास की रफ्तार पर ला खड़ा किया है। कार्यक्रम को सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में बड़े-बड़े गड्ढे देखकर पता चल जाता था कि म.प्र. आ गया है, किंतु उसके बाद भाजपा सरकार आई और प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछा दिया। आज हर गांव में सुगम आवागमन व्यवस्था है और कहीं गड्ढे नजर नहीं आते। भाजपा ने म.प्र. को बीमारू राज्य से विकसित राज्य के रूप में बदल दिया। गांव, गरीब, मजदूर, किसानों के लिए भाजपा सरकार ने विकास कार्य किए हैं, जिससे इन लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठा है। मेरे लोकसभा क्षेत्र में अमृत भारत योजना के अंतर्गत स्टेशनों के जीर्णोद्धार के कार्य चल रहे हैं, जिसमें करोड़ों का विकास कार्य किया जाएगा। यह सब आदरणीय मोदी जी के सरकार के प्रयासों की देन है। आज भारत की साख विश्व में बढ़ी है। दूसरे देशों के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री भी आज श्री नरेंद्र मोदी को बॉस मानने लगे हैं। प्रधानमंत्री की तीन दिन की अमेरिका यात्रा खत्म होते ही दुनिया भर में मोदी-मोदी की गूंज है। भारत ही नहीं बल्कि सात समुंदर पार भी मोदी-मोदी हो रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दिनों हुए जी-20 सम्मेलन में शेरों के झुंड में बब्बर शेर बैठा था। यह बब्बर शेर कोई और नहीं, हमारे प्रधानमंत्री थे। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की साख बढ़ाई है। 2014 के पहले भारत की इकॉनमी 250 अरब डॉलर के आसपास थी, किंतु मोदी जी के प्रधानमंत्रित्वकाल में अब यह इकॉनमी 600 अरब डॉलर के पार पहुंच चुकी है। मोदी जी ने जब भारत की कमान संभाली थी तो हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें नंबर पर भी जो आज 5वें नंबर पर हो गई है। आने वाले समय में विश्व में हम तीसरे नंबर पर होंगे। विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा शासन में केंद्र सरकार ने सुशासन के नए आयाम छुए हैं। इस दौरान भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया और ईमानदार सरकार चलाई। सरकार बनाने से पहले प्रधानमंत्री ने जो संकल्प लिया था कि मेरी सरकार गरीब, शोषित, पीड़ित, महिला, जवान, किसान और हर वर्ग की होगी।
विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्र सरकार ने अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से जन-जन तक लाभ पहुंचाया है। साढ़े 3 करोड़ लोगों को पक्के मकान दिए हैं। गरीब महिलाओं को रसोई गैस का सिलेंडर मुफ्त दिया। देशभर में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए। हर घर तक नल से जल पहुंचाया गया। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज दिया गया। कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई गई। पूरी दुनिया आज भारत में अपना भविष्य देखती है, क्योंकि भारत तेजी से बढ़ती मजबूत अर्थव्यवस्था है। जो दुनिया के बड़े-बड़े देश नहीं कर पाए वह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किए हैं।
इस अवसर पर पूर्व महापौर शरद पाचुनकर, रायसिंह सेंधव, मीसाबंदी संघ के इंदरसिंह ठाकुर, महामंत्री पंकज वर्मा, राजपूत समाज से अनोपसिंह जादौन, व्यापारी एसोसिएशन की ओर से राधेश्याम सोनी, शशिकांत यादव, रमेश पटेल आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी समाजों के समाज प्रमुख, पत्रकार, लेखक, कवि, साहित्यकार सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे। संचालन देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव ने किया व आभार भाजपा जिला महामंत्री मनीष सोलंकी ने माना।

san thome school
Sneha
Show More
Back to top button